आग लगने के बाद होटल में मची भगदड़, कई लोगों की बिगड़ी तबीयत

लखनऊ,संवाददाता : चारबाग स्थित मोहन होटल में शनिवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। होटल के भीतर करीब 30 लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही सीएफओ मंगेश कुमार दमकल की पांच गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म के साथ मौके पर पहुंचे। चारबाग युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मंजीत सिंह दुआ और जसविंदर सिंह उर्फ मोनू सिंह ने दमकलकर्मियों और होटल स्टाफ के साथ मिलकर 17 कमरों से करीब 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ब्रीदिंग सेट पहनकर अंदर घुसे दमकलकर्मी
राहत कार्य के दौरान दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग आपरेट्स पहनकर होटल में प्रवेश किया और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दूसरी मंजिल पर भरे धुएं को निकालने के लिए शीशे तोड़े गए, इसी दौरान जसविंदर सिंह के हाथ पर शीशा गिर गया, जिससे वह घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आग लगने के बाद होटल में भगदड़ मच गई। कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई और कुछ घबराहट में बेहोश होने लगे। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पीने का पानी देकर उन्हें शांत किया गया।
होटल में अग्निशमन व्यवस्था लापरवाह
सीएफओ मंगेश कुमार के अनुसार, होटल के अग्निशमन यंत्रों में से आधे से अधिक काम नहीं कर रहे थे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। होटल मालिक अनिल कुमार अग्रवाल से एनओसी और सुरक्षा मानकों से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं।
पिछले वर्षों में होटल अग्निकांड की प्रमुख घटनाएं:
- 9 जुलाई 2024: बर्लिंग्टन स्थित होटल राज में आग, 30 लोगों को रेस्क्यू किया गया
- 2024: होटल बालाजी ग्रैंड में भीषण आग
- 5 सितंबर 2022: लेवाना होटल, हजरतगंज में आग से 4 लोगों की मौत
- 2021: विराट इंटरनेशनल होटल में आग, 7 लोगों की जान गई