नक्सल अभियान की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री शाह तीन अप्रैल को आएंगे दंतेवाड़ा
दंतेवाड़ा,संवाददाता : नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बार फिर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा में नक्सलियों और जवानों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 15 से 20 नक्सलियों को मार गिराया है, जबकि दो जवान घायल हो गए हैं। हालांकि, इस बारे में औपचारिक पुष्टि अभी बाकी है। जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के गोगुंडा पहाड़ी पर उपमपल्ली में हो रही है। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच सुबह से ही मुठभेड़ जारी है, जिसमें जवानों को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।
यह मुठभेड़ नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू की गई थी। 28 मार्च को सुरक्षाबलों का संयुक्त दल तलाशी अभियान के लिए निकला था। इस दौरान जवानों का सामना नक्सलियों से हुआ और देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई। जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए 15 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में नक्सलियों की एक बटालियन के डीवीसीएम जगदीश के मारे जाने की खबर है। फिलहाल, मारे गए नक्सलियों के शवों की संख्या और उनकी पहचान के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।
सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को घेर लिया है और सर्चिंग अभियान जारी है। सुकमा एसपी किरण चौहान इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 3 अप्रैल को दंतेवाड़ा आएंगे और नक्सलवाद के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करेंगे। सुरक्षाबल नक्सलियों के खिलाफ इस अभियान में आक्रामक तरीके से कार्रवाई कर रहे हैं, और उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार नक्सलवाद पर बड़ी जीत हासिल होगी।