हल्का दरोगा की कथित खाऊं कमाऊ नीति के चलते लकड़ी कटान के मामले जोरों पर
महराजगंज रायबरेली,संवाददाता : वर्तमान में हलोर क्षेत्र में वन विभाग और हल्का दरोगा की कथित खाऊं कमाऊ नीति के चलते लकड़ी कटान के मामले जोरों पर चल रहे हैं। आए दिन इस प्रकार के मामले सामने आ रहे हैं, जो विवाद का कारण बन रहे हैं। इस संदर्भ में एक नया मामला सामने आया है, जिसमें ग्राम प्रधान द्वारा दूसरे की भूमिधारी जमीन से महुआ का पेड़ जबरन कटवाने का आरोप लगाया गया है। ग्राम प्रधान के खिलाफ पीड़ित राम अवध मौर्य ने कोतवाली पुलिस में तहरीर दी है और आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान अनुराग चौधरी सहित छह अन्य व्यक्तियों ने उनकी भूमिधारी जमीन गाटा संख्या 3513 पर लगे महुआ के पेड़ को जबरन काट लिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए फौजदारी की धमकी दी। पीड़ित ने ग्राम प्रधान पर चुनावी रंजिश का भी आरोप लगाया है। पीड़ित राम अवध मौर्य ने कोतवाली पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, ग्राम प्रधान अनुराग चौधरी ने इन आरोपों को असत्य और निराधार बताते हुए कहा कि उनकी छवि को खराब करने के लिए यह साजिश रची जा रही है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।